हांसी में दुकानदारों के हंगामा के बाद समझाने पहुंचे पुलिस अधिकारी।
हांसी। प्रताप बाजार में अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद की टीम और दुकानदारों के बीच मंगलवार शाम उस समय हंगामा हो गया, जब एक कर्मचारी का मोबाइल गाड़ी से गायब हो गया। दुकानदारों पर चोरी का आरोप लगने से मामला गरमा गया और उन्होंने टीम की सरकारी गाड़ी को घेरकर आधे घंटे तक रोके रखा।
घटना के दौरान नगर परिषद की सचिव अंजल वायु की अगुवाई में टीम अतिक्रमण हटवाने और सफाई व्यवस्था जांचने बाजार में पहुंची थीं। दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त करते हुए गारमेंट्स की दुकान से कपड़े और डमी गाड़ी में रखे गए। दुकानदार ने सामान मांगा तो उसे कार्यालय से लेने की बात कही। इसी दौरान टीम को पता चला कि गाड़ी से कर्मचारी जसबीर का कीपैड मोबाइल गायब है। कर्मचारी ने दुकानदारों पर चोरी का संदेह जताया, जिससे गुस्साए दुकानदारों ने टीम पर झूठा आरोप लगाने पर माफी मांगने की बात कही। इस पर हंगामा बढ़ने से बाजार में आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
आज परिषद कार्यालय में बुलाई बैठक
सूचना मिलने पर बस स्टैंड चौकी इंचार्ज खेताराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को समझाकर मामला शांत कराया। अन्य दुकानदारों के हस्तक्षेप के बाद तय हुआ कि बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में बैठक कर मामला सुलझाया जाएगा। हालांकि कर्मचारी का मोबाइल नहीं मिला। नगर परिषद के कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने किसी को चोर नहीं कहा, केवल मोबाइल के बारे में पूछा था।
अतिक्रमण बना चुनौती
नगर परिषद की तरफ से अतिक्रमण हटाने के लिए बाजारों में सरकारी गाड़ी से मुनादी करवाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी लोगों को वैसे ही समझा रहे हैं, ताकी कार्रवाई की जरूरत न पड़े। शहर के सभी बाजारों में अतिक्रमण के लिए पहले कई बार कार्रवाई हुई, लेकिन उसका कोई असर देखने को नहीं मिला। बाजारों में 5 से 10 फीट तक अतिक्रमण है।
सफाई व्यवस्था को जांचने के लिए जाने के दौरान बाजार में रुके थे। इस दौरान विवाद हुआ था, जो कि शांत हो गया। - अंजल वायु, सचिव, नगर परिषद, हांसी