सिवानी मंडी के गुरेरा गांव में रोडवेज बस पहुंचने पर चालक-परिचालक का फूलमालाओं से स्वागत करते ग्
सिवानी मंडी। उपमंडल के गांव गुरेरा के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही रोडवेज बस की मांग पूरी हो गई है। लोहारू हलके के विधायक राजबीर फरटिया के प्रयास से हिसार से नालोई जाने वाली रोडवेज बस का रूट अब गुरेरा से होकर निर्धारित किया गया है। बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को हिसार सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने बताया कि गुरेरा से हिसार के लिए सीधी बस सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को परेशानी होती थी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक राजबीर फरटिया से मुलाकात कर हिसार-नालोई बस को गुरेरा से होकर चलाने की मांग रखी थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने हिसार डिपो के अधिकारियों से संपर्क किया और बस का रूट गुरेरा से निर्धारित करवाने के प्रयास किए। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बस सुबह 8:20 बजे सिवानी से चलकर किकराल, गुरेरा, नालोई, गोरछी और चौधरीवास होते हुए हिसार पहुंचेगी। इससे छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों और अन्य ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
चालक-परिचालक का स्वागत :
शनिवार को बस के पहली बार गुरेरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और चालक-परिचालक का फूल मालाओं से स्वागत किया। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है। इस मौके पर मुकेश खयालिया, हनुमान, राजेश कुमार, सुरेंद्र, बिल्लू गोदारा, बलवान गोदारा, धर्मपाल सुथार, राहुल शर्मा, मोहित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।