सिरसा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार किसानों को लाठीचार्ज करने का बहाना ढूंढ रही है। सरकार के अधिकारी ही किसानों का सिर फोड़ने का आदेश देते हैं। लोकतंत्र में सभी को अपना विरोध करने का अधिकार है, लेकिन सरकार किसानों की बात नहीं सुनती। कुमारी सैलजा बुधवार को सिरसा में कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा के निधन पर श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मनोहर सरकार में हिसार, सिरसा, जींद, करनाल सहित अनेक जिलों में किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति सरकार की मानसिकता ठीक नहीं है। किसानों का सिर फोड़ने का आदेश देने वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने मानवाधिकार आयोग से मुलाकात की है। आयोग से मुलाकात कर आरोपी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। राज्य सरकार से लाठीचार्ज मामले में आयोग के समक्ष रिपोर्ट लेने की मांग भी की गई।
सीएम मनोहर लाल द्वारा पंजाब कांग्रेस पर किसानों को भड़काने के बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सैलजा ने कहा कि सीएम अपनी कमजोरी दिखा रहे हैं। वे सरकार चला नहीं पा रहे हैं। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हाई कमान संगठन विस्तार पर जल्द फैसला करेगी। प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं से बात कर रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी है।