बालसमंद। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले के 47 प्राइवेट अस्पतालों में सरकारी कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा उपचार की सुविधा शुरू हो चुकी है। जानकारी देते हुए आयुष्मान भारत योजना के जिला प्रभारी मनीष प्रचार ने बताया कि जिन सूचीबद्ध अस्पताल में कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया जाएगा, उनमें जिले के 47 अस्पतालों को शामिल किया गया है।
सरकार की तरफ से एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। जिससे किसी भी लाभार्थी को आपातकाल में अस्पताल आसानी से मिल सकेगा और वह स्कीम का लाभ उठा सकेगा। डॉ. मनीष पचार ने बताया कि आयुष्मान भारत स्कीम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2018 में की गई थी, जिसके तहत लाभार्थी को 5 लाख तक का सालाना उपचार सूचीबद्ध सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में निशुल्क प्रदान किया जाता है। हरियाणा में यह स्कीम वर्तमान सरकार द्वारा शुरू की गई है जिसका विस्तार करते हुए हरियाणा सरकार ने अपने सभी सरकारी कर्मचारियों को आयुष्मान भारत के तहत कैशलेस इलाज देना शुरू कर दिया है ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि अब हरियाणा सरकार के कर्मचारियों को इलाज के लिए पैसे जमा करवाने की जरूरत नहीं होगी। हरियाणा सरकार के कर्मचारी अब आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी नजदीकी सीएससी केंद्र या पैनल अस्पताल में जाकर अपना कार्ड बनवा सकते है।
- जिले के 47 प्राइवेट अस्पतालों ने सरकारी कर्मचारियों के कैशलेस इलाज की सुविधा शुरु कर दी है। अब तक जिले में 9 लाख 60 हजार 398 आयुष्मान भारत योजना के कार्ड बन चुके है।
- मनीष पचार, जिला प्रभारी हिसार आयुष्मान भारत