हाईवे पर बिना सांकेतिक बोर्ड के लगाए गए मिट्टे के ढेर।
हांसी। शहर के अंदर से गुजरने वाले हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य पर किसी तरह का कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया। अभी हाईवे के बीच से डिवाइडर को तोड़ने व नए डिवाइडर बनाने का काम चल रहा है, लेकिन काम के दौरान कोई सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाया गया। अभी नई सब्जी मंडी के सामने बने पुराने डिवाइडर को तोड़ा जा रहा है।
मॉडल टाउन के मुख्य गेट से लेकर लघु सचिवालय तक नया डिवाइडर बनाने का काम भी चल रहा है। इस डिवाइडर में डाले जाने वाली मिट्टी भी हाईवे के बीच में रखी गई है। इस पूरे कार्य पर कहीं पर भी चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। चेतावनी बोर्ड न होने के कारण यहां पर हादसा होने का डर बना हुआ है। क्योंकि रात के समय में अक्सर हाईवे की स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। ऐसे में बिना चेतावनी बोर्ड के अंधेरे में यहां पर हादसा हो सकता है। बता दें कि शहर के अंदर से गुजरने वाले हाईवे पर भाईजी होटल से नई सब्जी मंडी तक 8 करोड़ रुपये की लागत से रोड का निर्माण एक सप्ताह पूर्व शुरू हो गया है। इसमें नए डिवाइडर के साथ साथ लाइटों के नए पोल भी लगाए जाएंगे। इस कार्य के लिए बीते वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहर के एक दिवसीय दौरे के दौरान घोषणा की थी। लोक निर्माण विभाग की तरफ से यह काम कराया जा रहा है। निर्माण के लिए नरवाना की फर्म को टेंडर दिया गया है। इस कार्य को 9 महीने के अंदर पूरा करना होगा। डिवाइडर को पहले फोरलेन किए गए हिस्से की तर्ज पर बनाया जा रहा है।