हिसार। जिले के कॉलेजों में दाखिले के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने दूसरी मेरिट लिस्ट बुधवार को जारी कर दी। विद्यार्थी दूसरी मेरिट लिस्ट के तहत 25 सितंबर तक कॉलेजों में फीस भरकर दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद कॉलेजों में सीटें बचने पर ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से दाखिले होंगे।
उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी दूसरी मेरिट लिस्ट में भी विद्यार्थियों के बीच दाखिले के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। राजकीय महाविद्यालय में बीकॉम में सामान्य श्रेणी के 100.2 प्रतिशत से कम अंकों वाले विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हो पा रहा है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. कुसुम सैनी ने बताया कि बीए प्रथम कक्षा में आल इंडिया ओपन कैटेगरी में कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 103.2 और न्यूनतम 99.4 प्रतिशत रही। हरियाणा ओपन सामान्य वर्ग में उच्चतम 99.4 तथा न्यूनतम 96.8 प्रतिशत रही। हरियाणा ओपन आर्थिक पिछड़ा वर्ग में न्यूनतम 82.8 प्रतिशत, अनुसूचित जाति वर्ग में उच्चतम न्यूनतम 89.6 प्रतिशत, डीएससी कैटेगरी में न्यूनतम 73.8 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग ए में न्यूनतम 93 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग बी केटेगरी में न्यूनतम 72 प्रतिशत, भूतपूर्व सैनिक कैटेगरी में कट ऑफ 93.2 प्रतिशत रही। वहीं, हरियाणा ओपन सामान्य वर्ग में बीकॉम प्रथम में न्यूनतम कट ऑफ 99.8 प्रतिशत, बीकॉम ऑनर्स में न्यूनतम 100.2 प्रतिशत, बीएससी मेडिकल में न्यूनतम 90 प्रतिशत, बीएससी नॉन मेडिकल में न्यूनतम 95.8 प्रतिशत कट ऑफ रही। हरियाणा ओपन सामान्य वर्ग में बीए ऑनर्स अंग्रेजी में न्यूनतम 91.2 प्रतिशत, बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में न्यूनतम 97.4 प्रतिशत, बीए ऑनर्स भूगोल में न्यूनतम 97.8 प्रतिशत रही।
दयानंद कॉलेज में बीकॉम में 99 प्रतिशत से कम में सामान्य श्रेणी में दाखिला नहीं -
दयानंद कॉलेज में बीएएमसी को छोड़कर किसी भी कोर्स में 81 प्रतिशत से कम अंकों वाले सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हो पा रहा है। यहां बीकॉम में 99 प्रतिशत अंकों वाले विद्यार्थी का सामान्य श्रेणी में अंतिम दाखिला है। राजकीय महिला महाविद्यालय में बीकॉम को छोड़कर 91 प्रतिशत से कम अंकों वाली सामान्य श्रेणी की छात्रा का दाखिला अन्य किसी कोर्स में नहीं हो रहा है। एफसी कॉलेज में बीएससी बायोटेक और बीकॉम को छोड़ अन्य कोर्सों में सामान्य श्रेणी में 83 प्रतिशत से अधिक अंकों वाली छात्राओं का नाम ही मेरिट लिस्ट में आया है। वहीं, इंपीरियल कॉलेज में बीएससी नॉन मेडिकल को छोड़कर किसी भी कोर्स में 70 प्रतिशत से कम अंकों वाले सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों का दाखिला आसान नहीं है।