तोशाम चुंगी के सामने स्थित सेनेटरी स्टोर में आग लगने से जला सामान। स्रोत : दुकानदार
हांसी। तोशाम चुंगी के सामने स्थित मंगलवार रात एक सेनेटरी स्टोर में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान में बिजली, हार्डवेयर और सेनेटरी का सामान रखा था। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दुकान मालिक का दावा है कि हादसे में उन्हें 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
श्याम सेनेटरी स्टोर के मालिक वीरेंद्र के अनुसार, देर रात दुकान से धुआं उठता देखकर डिलीवरी बॉय ने सामने स्थित अस्पताल को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल विभाग के ऑपरेटर विनोद कुमार ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण शुरुआती प्रयासों में उसे नियंत्रित करना मुश्किल हुआ। बाद में दमकल की दो गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों ने करीब 40 मिनट कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
दमकल कर्मचारी को लगा करंट
दुकान मालिक वीरेंद्र ने बताया कि पानी फैलने से बिल्डिंग में करंट आने लगा। बिजली की आपूर्ति काटने के बावजूद आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के एक कर्मचारी को करंट लग गया। इस दौरान कर्मचारियों को आग के साथ बिजली के खतरे का भी सामना करना पड़ा।
दुकानदार बोले-सात साल की मेहनत कुछ मिनटों में राख
वीरेंद्र ने बताया कि उन्हें रात करीब एक बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को बुलाया। उन्होंने कहा कि सात साल की मेहनत कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
तोशाम चुंगी के सामने स्थित सेनेटरी स्टोर में आग लगने से जला सामान। स्रोत : दुकानदार