हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में शुक्रवार को कैंसर अवेयरनेस वॉक का आयोजन किया गया। वॉक को कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि कैंसर से डरने की बजाय इसके प्रति जागरूक होना और समय पर जांच कराना जरूरी है। जागरूकता ही कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। स्वास्थ्य केंद्र और फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. उमेश कालड़ा ने कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और समय पर पहचान से सफल उपचार की संभावना पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रो. सुमित्रा सिंह, डॉ. सरीना हसीजा, डॉ. विजय कुमार, डॉ. सरिता कालड़ा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।