हिसार। शादी का झांसा देकर एक युवती से तीन साल तक दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि अब आरोपी शादी से मुकर रहा है। यदि आरोपी की उसके साथ शादी नहीं करवाई गई तो वह आत्महत्या कर लेगी। हिसार की महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी साहिल के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है।
शहर निवासी 24 वर्षीय युवती के अनुसार वर्ष 2018 में साहिल नामक युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। दोस्ती के बाद वह उसके साथ घर बसाने के सपने दिखाने लगा। पीड़िता के अनुसार वह उसकी बातों में आ गई। आरोपी साहिल कभी टूर के नाम पर तो कभी पार्टी के नाम पर उसे शहर में नई-नई जगहों पर घुमाने के लिए ले जाता और उसका शारीरिक शोषण करता। जब वह शादी के लिए कहती तो वह कहता कुछ दिनों बाद शादी करेंगे। पीड़िता के अनुसार आरोपी बीते तीन साल से इसी तरह से झांसे में रखकर उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है और अब शादी से मुकर गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।