पिता से नाराज मां ने अपनी 15 दिन की बच्ची बिचौलिया के पास छोड़ गई। घबराए बिचौलिया ने चाइल्ड लाइन को फोन किया। चाइल्ड लाइन की टीम ने मासूम बच्ची को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बच्ची कमजोर होने के कारण नीकू में भर्ती किया गया है।
गांव झीड़ी यानी सी ब्लॉक चिकनवास के एक युवक की शादी कुछ समय पहले हुई थी। गांव के ही एक व्यक्ति ने शादी कराई थी। करीब 15 दिन पहले इस युवक के घर बेटी ने जन्म लिया। महिला अपने पति की हरकतों से परेशान थी। उलाहना देने के लिए मंगलवार को अपनी बच्ची को लेकर बिचौलिया के घर पहुंच गई। इस महिला ने कहा कि मैं इस बच्ची को नहीं पाल सकती। आप ही इस बच्ची को पाल लो। यह कहते हुए महिला अपनी महज 15 दिन की बच्ची को उसके घर छोड़कर चली गई। बच्ची को छोड़ जाने के बाद बिचौलिया के हाथ पैर फूल गए।
घबराए बिचौलिया ने चाइल्ड लाइन को फोन कर कहा कि यहां एक 15 दिन की मासूस बच्ची है। उसके मां-बाप उसे छोड़कर चले गए हैं। इसके बाद चाइल्ड लाइन की टीम ने गांव पहुंचकर बच्ची को लिया। बच्ची का नागरिक अस्पताल में चेकअप कराया। यहां बच्ची की हालत कमजोर पाई गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने इसे नीकू में भर्ती कर लिया। चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि पार्थो ने बताया कि मंगलवार को बच्ची की हालत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। बुधवार को सीडब्ल्यूसी के सामने केस रखेंगे। इसके बाद बच्चे के मां - बाप से संपर्क करने का प्रयास करेंगे।