धार्मिक कार्यों में प्रयोग किए जाने वाला गंगाजल अब मुख्य डाकघर में मिल सकेगा। घर बैठे गंगाजल मंगवाना चाहें तो मात्र थोड़ी सी कीमत में आपको गंगाजल घर बैठे भी उपलब्ध हो सकेगा। भारतीय डाक ने यह सेवा शुरू कर दी है। डाक विभाग ने मुख्य डाकखानों में गंगाजल की पैकिंग भेज दी है। ऑफिस टाइम में कोई भी व्यक्ति किसी वक्त पवित्र जल ले सकता है।
गंगाजल के भी दो विकल्प
डाक विभाग के अधिकारियों की मानें तो गंगाजल के दो अलग-अलग ऑप्शन होंगे। इनमें ऋषिकेश का गंगाजल व दूसरा गंगोत्री का गंगाजल। व्यक्ति अपनी च्वाइस व आस्था के हिसाब से यह जल खरीद सकेगा।
केवल 15 रुपये में होगा उपलब्ध
डाक विभाग ने गंगाजल के लिए 200 एमएल व 500 एमएल की पैकिंग मंगवाई है। इसमें ऋषिकेश वाले गंगाजल की कीमत 200 एमएल की 15 रुपये व 500 एमएल की कीमत 22 रुपये रखी गई है। इसी प्रकार गंगोत्री का गंगाजल थोड़ा ज्यादा कीमत पर मिलेगा। इस 200 एमएल गंगाजल के लिए 25 रुपये व 500 एमएल गंगाजल के लिए 35 रुपये अदा करने होंगे।
ऑनलाइन बुकिंग भी
डाक विभाग ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से आपके घर तक गंगाजल पहुंचाएगा। इसके लिए ई कॉमर्स वेबसाइट के जरिए गंगाजल की बुकिंग की जा सकेगी।
जानिए क्यों नहीं होता गंगाजल खराब
गंगा जल को बेहद पवित्र माना जाता है। इस जल में बैक्टीरियोफेज नामक एक बैक्टीरिया पाया जाता है, जिसके कारण ये जल कभी खराब नहीं होता है। घरों में सालों तक यह गंगाजल पैकिंग में रहता है। उसमें कभी कोई दुर्गंध या कीड़े पैदा नहीं होते।
गंगाजल सेवा डाक विभाग ने शुरू कर दी है। फिलहाल हमारे पास ऋषिकेश का गंगाजल उपलब्ध है। गंगोत्री का गंगाजल भी जल्द ही उपलब्ध हो जाएगा। ऑनलाइन बुकिंग के लिए भारतीय डाक की वेबसाइट पर पोर्टल शुरू हो जाएगा।
- नवीन जैन, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, भारतीय डाक