हिसार। गंगवा रोड स्थित गीता कॉलोनी में रहने वाले रोहताश के साथ प्लाट देने के नाम पर 4.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। इस संबंध में आजाद नगर थाना पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रॉपर्टी डीलर सोनू, उसकी पत्नी मीनू, भाई संजय व मां के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गीता कॉलोनी के रहने वाले रोहताश ने बताया कि सोनू आजाद नगर में ही प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। जिस कारण वह उसे जानता है। एक दिन सोनू ने बताया था कि मेरा पूजा एनक्लेव में रजिस्ट्री का 80 गज का एक प्लाट है। मैंने खरीदने के इरादे से प्लाट देखा। मुझे प्लाट पसंद आ गया और मेरा सोनू के साथ प्लाट का सौदा 6000 रुपये प्रति गज के हिसाब से तय हो गया। 24 जून 2019 को कोर्ट परिसर में प्लाट का इकरारनामा बनवाने गए। मैंने पत्नी संतोष के खाते का 4.64 लाख रुपये चैक सोनू को दे दिया। रजिस्ट्री 15 अक्तूबर 2019 को कराने का करार हुआ था। रजिस्ट्री की तारीख आई तो फोन पर संपर्क करने पर सोनू ने कहा कि मैं कुछ दिन के लिए बाहर हूं, आते ही रजिस्ट्री करवा दूंगा। काफी दिनों बाद सोनू मिला तो उसने रजिस्ट्री के पेपर तैयार करवाने के नाम पर 25 हजार रुपये और ले लिए। मैं परिजनों के साथ 16 मार्च को उसके घर गया तो सोनू ने होली के बाद रजिस्ट्री कराने की बात कही। उसके बाद 21 अप्रैल को उसके घर गए तो सोनू व उसके परिजन गुस्से में आ गए और जातिसूचक टिप्पणी की। शिकायतकर्ता ने कहा कि मैंने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि वह प्लाट सोनू के नाम नहीं है। आजाद नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में सोनू व उसके तीन परिजनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।