फुटबाल प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में विजेता कैमरी ए की टीम ट्राफी व अतिथिगण के साथ। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। कैमरी के प्रताप स्टेडियम में रविवार को फुटबाल प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। सीनियर वर्ग में विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों ने अपनी किक का दम दिखाया। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा पहुंचे और खिलाड़ियों का परिचय लिया।
फुटबाल कोच कुलदीप माक्कड़ ने बताया कि सीनियर वर्ग में हुए फाइनल मैच में कैमरी ए की टीम चैंपियन बनी। उचाना की टीम रनअप रही। इससे पहले चूली बागड़ियान और उचाना के बीच हुए सेमीफाइनल में उचाना ने 2-0 और कैमरी ए ने कैमरी बी को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजदास महाराज पहुंचे। समाजसेवी जगदीश चंद्र जिंदल व श्याम सुंदर जिंदल ने विजेता टीम को 51 हजार रुपये की राशि व सुनील जिंदल ने द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये की राशि और ट्राफी देकर सम्मानित किया।
सरकार खेलों को दे रही बढ़ावा
फुटबाल प्रतियोगिता में पहुंचे डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए वचनबद्घ है। उन्होंने कहा कि हिसार जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने गांव कैमरी में ग्रामीणों के अनुरोध पर फुटबाल नर्सरी स्थापित करने का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 16 व सीनियर वर्ग में 32 टीमों ने भाग लिया था। इस अवसर पर मित्रपाल सांगवान, कृष्ण लेगा, अनिल कुमार लोयल, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रामचंद्र गंगवा, जगत सिंह, बाबा मंगलाई नाथ, बाबा बद्रीनाथ, विरेंद्र, ओम, सेवानिवृत्त कोच अश्वनी, अनिल कुमार गोदारा, कृष्ण चौहान, महेंद्र सिंह, मान सिंह लेगा, जितेंद्र गर्ग, कुलदीप गर्ग, राजकुमार यादव आदि मौजूद रहे।