शहर व नेशनल हाईवे 10 पर खराब स्ट्रीट लाइटें पार्षद और एसडीएम के निर्देशों के बावजूद ठीक न किए जाने पर उपायुक्त डा. साकेत कुमार ने नगर परिषद के एक लिपिक को निलंबित कर दिया है।
ईओ और एमई को सेक्शन आठ के तहत चार्जशीट करने के लिए निदेशक शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा को लिखा गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर छह के पार्षद रमेश गिल्होत्रा ने नगर परिषद के ईओ धीरज कुमार और एमई हरिकिशन शर्मा को दो माह पूर्व लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनके वार्ड में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं।
पार्षद की शिकायत के बावजूद परिषद के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। वहीं 27 दिसंबर को एसडीएम बलजीत सिंह ने उपायुक्त डा.साकेत कुमार को लिखित में बताया कि भूना मोड से हिसार बाईपास तक स्ट्रीट लाइटें बंद हैं।
एसडीएम की रिपोर्ट पर उपायुक्त ने नगर परिषद के ईओ धीरज कुमार, एमई हरिकृष्ण शर्मा और लिपिक जगदीश चंद्र से स्पष्टीकरण मांगा था लेकिन तीनों ने उपायुक्त के नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया।
मंगलवार को डीसी डा.साकेत कुमार ने नगर परिषद के लिपिक जगदीशचंद्र को कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया।
ईओ धीरज कुमार व एमई हरिकृष्ण शर्मा को चार्जशीट करने के लिए निदेशक शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा को लिखा गया है।