खाद के लिए लाइन में लोग पुलिस से बहस करते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अभी हमारे पास खाद के 130 बैग रखे हुए हैं। आज रात तक केंद्र पर खाद आने की उम्मीद है। खाद को लेकर किसानों को कोई परेशानी नहीं होगी। बुधवार या वीरवार को खाद आने पर जिले में कमी नहीं रहेगी। -पवन, फील्ड असिस्टेंट, इफ्को किसान सेवा केंद्र, हिसार
सुबह चार बजे गांव से आकर खाद लेने के लिए लाइन में खड़ी हुई थी। दोपहर को नंबर आया। खाद लेने के लिए काफी परेशानी हो रही है। पहले तो गांव में ही खाद मिल जाती थी। अब हिसार के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। - संतोष, किसान, कुलेरी निवासी
खाद लेने के लिए अलसुबह से ही घर से चल पड़े थे। सुबह तीन बजे यहां पहुंचे तो भीड़ लगी हुई थी। भूखे प्यासे लाइन में खड़े रहे। शाम को चार बजे खाद के लिए नंबर आया। खाद के लिए पहले ही व्यवस्था करनी चाहिए थी। -शमशेर, किसान, काजला निवासी
सुबह छह बजे खाद लेने के लिए पहुंचे तो किसानों की भीड़ लगी हुई थी। शाम तक भी खाद नहीं मिल पाई। अब बुधवार को दोबारा खाद लेने के लिए केंद्र पर पहुंचेंगे। तीन दिन से वापस लौट रहा हूं। सरकार को खाद के लिए व्यवस्था करनी चाहिए। - वेद सिंह, किसान, मिर्जापुर निवासी
खाद के बैग देने का कोई सिस्टम नहीं है। घर पर सब कामकाज छोड़कर खाद लेने के लिए महिलाएं आई हुईं हैं। बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही है। दो दिन खाद नहीं मिली तो बिजाई में देरी हो जाएगी। खाद के लिए पहले ही प्रबंध करने चाहिए थे। - सुशीला, किसान, बगला रोड निवासी
10 व 11 नवंबर को जिले में पहुंचेगी 1800 मीट्रिक टन डीएपी
हिसार। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि 10 व 11 नवंबर को जिले में 1800 मीट्रिक टन डीएपी पहुंच जाएगी। मंगलवार को जिले में 150 मीट्रिक टन (एनएफएल) डीएपी का वितरण किया गया। किसानों को गेंहू की बिजाई के लिए पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध करवाई जाएगी। 10 नवंबर को 1300 मीट्रिक टन (चंबल) डीएपी का सातरोड में रैक लग जाएगा। 10 व 11 नवंबर को 500 मीट्रिक टन (इफ्को) का फतेहाबाद जिले के भट्टू में रैक लगेगा।
एक खाद विक्रेता का लाइसेंस निलंबित
कृषि विभाग की टीम ने खाद वितरण में अनियमितता मिलने पर हांसी में खाद विक्रेता का लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित कर दिया है। चौधरी खाद भंडार का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
रासायनिक उर्वरकों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए गठित की गई टीमें नियमित रूप से दुकान/गोदाम की चेकिंग कर रही हैं। इससे पहले भी हांसी में एक लाइसेंस निलंबित किया जा चुका है।