बरवाला रोड के डायवर्जन के लिए तैयार किया गया वैकल्पिक रोड।
- फोटो : Hisar
हिसार। एयरपोर्ट की हवाई पट्टी के विस्तारीकरण का कार्य जोरों पर हैं। चूंकि बरवाला रोड भी इस पट्टी के बीच में आ रहा है। हवाई पट्टी का कार्य बिना किसी रुकावट चलता रहे, इसे लेकर बीएंडआर ने बरवाला रोड के डायवर्जन की तैयारी शुरू कर ली है। संभावना है कि दो से तीन में रोड का डायवर्जन कर दिया जाएगा। इसे लेकर विभाग ने 2400 मीटर लंबा व सात मीटर चौड़ा वैकल्पिक रोड बनाया है। फिलहाल इस रोड पर तारकोल की एक और लेयर बिछाई जाएगी। साथ ही डायवर्जन को लेकर संकेतक लगाए जाएंगे। बता दें कि पिछले दिनों एसीएस सुधीर राजपाल ने भी दौरा कर रोड का डायवर्जन करने के आदेश दिए थे।
मार्ग डायवर्जन से वाहन चालकों को धांसू रोड से जाना पड़ेगा
रोड डायवर्जन होने के बाद वाहन चालकों को हिसार से चंडीगढ़ की तरफ जाने के लिए पहले धांसू रोड पर जाना होगा। इस रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर का सफर तय करने के बाद तैयार किए गए वैकल्पिक रोड पर आना होगा। इस रोड पर करीब ढाई किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद वाहन चालक फिर से बरवाला रोड पर आ जाएंगे।
बुधवार को वैकल्पिक रोड का ट्रायल किया गया था। दो से तीन दिन में बरवाला रोड का डायवर्जन कर दिया जाएगा। - रजनीश कुमार, एक्सईएन, बीएंडआर