हरियाणा के हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) प्रशासन ने मंगलवार को डेटशीट में बदलाव करते हुए 10 फरवरी से होने वाली ऑफलाइन-ऑनलाइन परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। वहीं, मंगलवार को ऑनलाइन परीक्षा के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। इस गाइडलाइन के तहत जीजेयू संबद्ध डिग्री कॉलेजों व यूटीडी के विद्यार्थियों को परीक्षा देनी होगी।
परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर उनकी लॉगिन आईडी और पासवर्ड प्राप्त होगा। जीजेयू द्वारा भेजे गए परीक्षा लिंक पर क्लिक करके विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा दे सकेगा। वहीं, विवि प्रबंधन ने फैसला लिया है कि अगर ऑनलाइन परीक्षा के दौरान वेब कैमरा बंद और डिवाइस डिस्कनेक्ट होती है तो परीक्षार्थी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
परीक्षाओं का होगा मॉक टेस्ट
जीजेयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. यशपाल सिंगला ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षाएं हायर्ड एजेंसी के माध्यम से आयोजित की जाएंगी जिसकी मॉनिटरिंग आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के साथ-साथ मैनुअल मॉनिटिरिंग भी की जाएगी। परीक्षार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा प्रशिक्षण के लिए हायर्ड एजेंसी द्वारा 9 फरवरी को सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक सभी ऑनलाइन परीक्षार्थियों का मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन परीक्षार्थियों को उनकी रजिस्टर्ड ई-मेल पर लॉगिन व पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
आईडी-पासवर्ड के साथ कोई समस्या तो टोल फ्री नंबर पर करें संपर्क
ऑनलाइन परीक्षा देने से पहले विद्यार्थी को अपने स्तर पर सभी प्रबंध करना होगा व अपना एक एकांत परीक्षा केंद्र बनाना होगा। जहां पर विद्यार्थी परीक्षा देगा वहां पर रखी अन्य किताबें, अनाधिकृत सामग्री भी हटानी होगी। गाइडलाइन के तहत जब तक मॉनिटरिंग टीम द्वारा न कहा जाए तब तक माइक्रो फोन उपयोग नहीं करना है।
वहीं परीक्षा शुरू होने से पहले ही विद्यार्थी अपने इंटरनेट डाटा की जांच कर ले। छात्रों को कैमरे के सामने रहना होगा। छात्रों को उत्तरपुस्तिका के फ्रंट पेज का प्रिंट लेना आवश्यक है, जो विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उत्तरपुस्तिका के लिए छात्रों को ए फोर साइज के 20 पेज लेने होंगे। अगर विद्यार्थियों को आईडी व पासवर्ड के साथ कोई समस्या है तो वह टोल फ्री नंबर 0120-6740105, 0162263698, 0166263099 पर संपर्क कर सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
- परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी का कैमरा सक्रिय मोड में होना चाहिए।
- छात्रों को वेब कैमरा बंद नहीं करना है।
- वेब कैमरा में परीक्षार्थी का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
- परीक्षा के दौरान कोई अन्य व्यक्ति उपस्थित न हो।
- अन्य व्यक्ति की उपस्थिति होने पर उम्मीदवार को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
- परीक्षा के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग नहीं करना।
ऐसे होगा प्रश्नपत्र पूरा
- छात्रों को क्यूआर कोड स्कैन करके अपनी उत्तर पुस्तिका को स्कैन करना होगा।
- उत्तरपुस्तिका की पीडीएफ बनाकर कैमरे के सामने करने अपलोड करनी होगी।
- परीक्षा शुरू करने से लेकर उत्तर पुस्तिका सबमिट करने तक सारा कार्य निर्धारित समय में होना जरूरी है।
- टाइम आउट होने पर उत्तरपुस्तिका स्वीकार नहीं की जाएगी।
- परीक्षा के समय पर छात्रों पर सख्ती से निगरानी रखी जाएगी।