हुड्डा की फोटो लगाते समर्थक, कुछ देर बार तंवर समर्थकों के फोटो हटाने के बाद फिर से खाली हुआ स्थान।
- फोटो : bureau
पिछले दो दिन से कांग्रेस भवन राजनीतिक सुर्खियों में है। कांग्रेस भवन में मंगलवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की फोटो को लेकर नाटकीय घटनाक्रम हुआ। सोमवार को तंवर समर्थकों ने भूपेंद्र हुड्डा की फोटो हटा दी थी। मंगलवार दोपहर पूर्व सीएम हुड्डा समर्थकों ने दूसरी फोटो ले जाकर उसी स्थान पर लगा दी। लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। तंवर समर्थकों ने मंगलवार दोपहर बाद फिर से भूपेंद्र हुड्डा की फोटो हटा दी।
सोमवार को अशोक तंवर समर्थक कांग्रेसियों ने मीटिंग के समय पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की फोटो को कांग्रेस भवन से हटा दिया था। मंगलवार की सुबह पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के समर्थक विजेंद्र हुड्डा, विकास, सुंदर चौहान, रामकेश शर्मा, मीनू, अनूप दलाल सहित अन्य ने दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच फोटो दोबारा लगा दी। इन लोगों ने पूर्व सीएम के समर्थन में कांग्रेस भवन में नारे लगाए। भूपेंद्र हुड्डा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए वहां से चले गए। सोशल मीडिया के जरिए कुछ समय बाद यह समाचार अशोक तंवर समर्थकों को मिला। इसके बाद अशोक तंवर समर्थक करीब दो बजे कांग्रेस भवन में पहुंच गए। इन लोगों ने चौकीदार से कांग्रेस भवन की चाबी लेकर कार्यालय खोला। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की फोटो दोबारा से हटा दी। फोटो को लगाने हटाने के इस नाटकीय घटनाक्रम के बाद अशोक तंवर समर्थकों ने चौकीदार से कांग्रेस भवन मीटिंग कक्ष की चाबी ले ली, ताकि फिर से हुड्डा समर्थक यहां आकर फोटो न लगा सकें।
बुधवार को पुतला फूंकने का कार्यक्रम स्थगित
कांग्रेस के कार्यालय सचिव गजे सिंह ने मीडिया को बयान जारी कर कहा कि बुधवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ किया जाने वाला प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने पूर्व मंत्री सुशील कुमार शिंदे की अध्यक्षता में जांच कमेटी बना दी है। कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।