हिसार रेलवे स्टेशन पर टिकट की बुकिंग कैंसिल कराते यात्री। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। कोरोना का असर ट्रेनों पर भी काफी देखा जा रहा है। ट्रेनों में 50 प्रतिशत सवारियां कम हो गई हैं। रोजाना रेलवे को ढ़ाई से तीन लाख का नुकसान हो रहा हैं। वहीं, अब एक बार में 550 श्रद्धालुओं ने रिजर्वेशन टिकट निरस्त करवाया है। इससे रेलवे को एक बार में करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है।
चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर दीपचंद का कहना है कि प्रणामी आश्रम हिसार की ओर से धार्मिक कार्यक्रम में दो फरवरी को दुरंतो एक्सप्रेस से दिल्ली से 550 श्रद्धालुओं को हावड़ा जाना था। पांच-छह दिन का कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्हें कालका एक्सप्रेस से वापस दिल्ली आना था, लेकिन कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए श्रद्धालुओं के जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। ऐसे में अब श्रद्धालु अपना रिजर्वेशन टिकट निरस्त करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना 100 टिकट निरस्त की जा रही हैं।
कोरोना के कारण 30 प्रतिशत घटी रिजर्वेशन टिकट
कोरोना के कारण ट्रेनों में 50 प्रतिशत सवारियां कम हो गई हैं। इससे रेलवे की आय पर काफी असर पड़ रहा है। रोजाना 30 प्रतिशत टिकट रिजर्वेशन भी कम हो रही है। पहले रोजाना करीब 400 टिकट रिजर्वेशन होती थी, जोकि अब घटकर 250 से 300 के बीच रह गई हैं।
धार्मिक कार्यक्रम में 550 श्रद्धालुओं को हावड़ा जाना था। इस दौरान टिकट रिजर्वेशन करवाई गई थी, लेकिन कोरोना के कारण यात्री रिजर्वेशन टिकट कैंसिल करवा रहे हैं। रेलवे को एक बार में करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। - दीपचंद, चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर, रेलवे