सिरसा। राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ई-अधिगम योजना के तहत टैबलेट दिए गए हैं। कई बार पढ़ाई के दौरान टैबलेट में खराबी आ जाती है। जिसके चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इसके लिए अब शिक्षा विभाग की ओर से ई-अधिगम मित्र बनाए गए हैं। जो टैबलेट में आने वाली सभी समस्याओं का समाधान करेंगे।
बता दें कि जिले में शिक्षा विभाग ने दसवीं, ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए 30 हजार 308 टैबलेट दिए हुए हैं। जिसके तहत विभाग की ओर से टैबलेट में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए ई अधिगम मित्र का गठन किया है। इसके लिए ई अधिगम मित्रों को विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया है। विभाग की ओर से जिले भर में 298 ई-अधिगम मित्र तैयार किए हैं।
हर सप्ताह जाएंगे स्कूल, करेंगे समस्या का समाधान
जिले के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों को ई अधिगम मित्र बनाया गया है। हर सप्ताह ई अधिगम मित्र राजकीय विद्यालयों में जाएंगे और ई-अधिगम कार्यक्रम के बारे में जमीनी स्तर पर समीक्षा करेंगे। यह टैबलेट में आने वाली तकनीकी समस्याओं का पता लगाने, दूर करने और ऑनलाइन रिपोर्ट के माध्यम से विभाग को सूचित करेंगे। तीन दिनों के अंदर उन्हें ऑनलाइन फीडबैक रिपोर्ट विभाग को जमा करवानी होगी। बता दें कि शिक्षा विभाग की ओर से ई-अधिगम कार्यक्रम 5 मई 2022 को लाॅन्च किया गया था। जिसके तहत हरियाणा के सभी राजकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के सभी विद्यार्थियों एवं संबंधित अध्यापकों को पूर्णतया निशुल्क टैबलेट, डाटा सिम कार्ड व सॉफ्टवेयर दिए गए हैं। इसमें 34 विषयों की संपूर्ण शिक्षण सामग्री, पाठ टॉपिक्स पर वीडियो, पीडीएफ कंटेंट इत्यादि दिया गया है।
जिले में राजकीय स्कूलों के दसवीं, ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं। अब इन टैबलेट्स में आ रही दिक्कतों को सही करने के लिए ई अधिगम मित्र बनाए गए हैं। जो स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से बात कर टैबलेट में आ रही दिक्कतों का समाधान करेंगे। जिसके लिए ई अधिगम मित्रों को शिक्षा विभाग की ओर से प्रशिक्षण भी दिया गया है।
- हरीश चावला, नोडल अधिकारी ई अधिगम सिरसा।