हिसार। राजकीय रेलवे पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर मृत मिली न्योली खुर्द की संतोष (45) और उसकी बेटी भावना (17) के शवों का शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। रेलवे पुलिस को दर्ज कराए बयान में मृतका के भाई सुरेंद्र ने बताया कि उसकी बहन व भांजी दवा लेने न्योली के अस्पताल में जा रही थी। रेल लाइन पार करते समय गाड़ी की चपेट में आ गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए दोनों शव परिजनों के हवाले कर दिए।
राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ के गांव भरवाना निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दर्ज कराए बयान में बताया कि संतोष की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। चौथी बेटी भावना व 6 वर्षीय भांजा विनय उनके साथ गांव में रहते हैं। संतोष का बीपी हाई होता था। वीरवार को वह बीपी की दवा लेने गांव के अस्पताल में जा रही थी। अस्पताल रेल लाइनों के दूसरी तरफ है। बारिश के कारण न्योली कलां के रेलवे अंडरपास में पानी भरा हुआ था। इसके चलते संतोष ने भावना के साथ रेल लाइन पार कर रही थी। इसी बीच वह दोनों किसी ट्रेन की चपेट में आ गई। उनके साथ पालतु कुत्ता भी गया था। वह भी ट्रेन की चपेट में आने से मर गया।