हिसार। खेल विभाग की ओर से जिले को 27 खेल नर्सरियां दी गई हैं। ये नर्सरियां सरकारी, प्राइवेट स्कूल, निजी कोचिंग सेंटर और राजीव गांधी खेल परिसर में चलेगी। अब इन नर्सरियों में खेल विभाग की ओर से कोच लगाए जाएंगे। जिन्हें वेतन विभाग की ओर से मिलेगा। इन नर्सरियों में 8 साल से 19 साल तक के खिलाड़ी अभ्यास करेंगे। साथ ही अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को डाइट राशि दी जाएगी। 8 साल से 14 साल तक के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपये और 15 साल से 19 साल तक के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
खेल विभाग में कार्यरत योग अधिकारी हरमेश चंद्र का कहना है कि जिले में 185 संस्थानों की ओर से खेल नर्सरियों के लिए अप्लाई किया था। इनमें प्राइवेट, सरकारी स्कूल, निजी कोचिंग सेंटर और राजीव गांधी खेल परिसर शामिल रहे। इनमें खेल विभाग के कोच ने दो बार निरीक्षण किया और फिजिबिलिटी जांची। इसके बाद फाइनल लिस्ट तैयार कर पंचकूला मुख्यालय भेजी गई। इसमें से हिसार जिला में मुख्यालय की ओर से 27 खेल नर्सरियां खुलने पर मुहर लगी हैं। योग अधिकारी हरमेश चंद्र ने कहा कि जो 27 खेल नर्सरियां खुलने पर मुहर लगी हैं, इनमें से कई जगह पहले से ही खेल सेंटर चल रहे हैं। अब उन खिलाड़ियों को नर्सरियों के तहत डाइट राशि दी जाएगी। एक खेल नर्सरी के तहत 25 खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिस सेंटर में 25 से ज्यादा खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं, वहां उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर 25 खिलाड़ियों की मेरिट लिस्ट बनेगी। उन खिलाड़ियों को ही डाइट राशि मिलेगी।
इन सरकारी स्कूलों को मिलीं नर्सरियां
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्योलीकलां में लड़कों व लड़कियों की एथलेटिक्स
गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल गढ़ी में लड़कों की एथलेटिक्स
गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंगाली में लड़कियों की फुटबाल
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मसुदपुर में लड़कों की फुटबाल
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मय्यड़ में लड़कों की फुटबाल
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल डाटा में लड़कों की फुटबाल
गवर्नमेंट हाई स्कूल घिराय में लड़कों की हैंडबाल
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाडवा में लड़कों की हैंडबाल
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल उमरा में लड़कों की कबड्डी
गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैमरी में लड़कियों की वालीबाल
इन प्राइवेट स्कूलों को मिलीं नर्सरियां
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल हिसार में लड़कियों की हॉकी
नॉर्थन इंटरनेशनल स्कूल मंडी आदमपुर में लड़कों की वालीबाल
ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल बरवाला में लड़कों की बैडमिंटन
आर्य हाई स्कूल हिसार में लड़कों की हॉकी
अल्टियस पब्लिक स्कूल सिसाय बोलान में लड़कों की कुश्ती
डीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिठमड़ा में लड़कियों की हैंडबाल
गलैक्सी इंटरनेशनल स्कूल राजली में लड़कों की कबड्डी
इन निजी कोचिंग सेंटर को मिलीं नर्सरियां
सुभाष चंद्र फाउंडेशन आदमपुर में लड़कों व लड़कियों की एथलेटिक
सीएनएस स्पोर्ट्स समिति सरसौद बिचपड़ी में लड़कों की एथलेटिक
सीपीआर कोचिंग वीपीटी लिमिटेड जींद चुंगी हांसी में लड़कों की बैडमिंटन
कैमरी फुटबाल क्लब कैमरी में लड़कों की फुटबाल
ध्यानचंद जन कल्याण चेरिटेबल ट्रस्ट सिसाय में लड़कों की फेंसिंग
वेदपाल स्पोर्ट्स फाउंडेशन जुगलान में लड़कों की जूडो
इन राजीव गांधी खेल परिसर को मिलीं नर्सरियां
राजीव गांधी खेल परिसर अग्रोहा में लड़कों व लड़कियों की कुश्ती
राजीव गांधी खेल परिसर चमारखेड़ा में लड़कों की फुटबाल
राजीव गांधी खेल परिसर जुगलान में लड़कों की बास्केटबाल
राजीव गांधी खेल परिसर किरमारा में लड़कों व लड़कियों की कुश्ती