कोच रामनिवास के साथ पहलवान शिवम।
हिसार। धिकताना गांव का युवा पहलवान शिवम अब बहरीन में होने वाले थर्ड यूथ एशियन गेम्स में दांव-पेच दिखाएगा। यह प्रतियोगिता 27 से 30 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। शिवम वर्तमान में बहबलपुर स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कोच रामनिवास के निर्देशन में अभ्यास कर रहा है। वह बारहवीं कक्षा का छात्र है।
कोच रामनिवास ने बताया कि अगस्त में वर्ल्ड चैंपियनशिप के ट्रायल हुए थे, जिसमें शिवम ने प्रथम स्थान हासिल किया। उसी प्रदर्शन के आधार पर उसका यूथ एशियन गेम्स के लिए चयन हुआ है। शिवम दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका है।
शिवम ने बताया कि उसके पिता अमरजीत सिंह किसान हैं। करीब सात साल पहले उसने गांव में सीनियर पहलवानों को अभ्यास करते देखा और तब से उसने पहलवानी में कॅरिअर बनाने का निर्णय लिया। परिवार और कोच के सहयोग से उसने मेहनत जारी रखी। शिवम ने बताया कि 26 अक्तूबर को उसकी फ्लाइट दिल्ली से रवाना होगी, जबकि 29 अक्तूबर को उसका मुकाबला होगा। वह इस प्रतियोगिता में 48 किलोग्राम भारवर्ग में चुनौती पेश करेगा।
खेल विभाग की नर्सरी से तराशा गया हुनर
शिवम खेल विभाग की नर्सरी योजना के तहत प्रशिक्षण ले रहा है। कोच रामनिवास ने बताया कि बहबलपुर में नर्सरी को चार साल हो चुके हैं। यहां 25 खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं। इनमें से पांच खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं, जबकि शिवम पदक विजेता भी रह चुका है। इसी नर्सरी के 14 खिलाड़ियों ने स्टेट चैंपियनशिप में पदक जीते हैं।
शिवम की प्रमुख उपलब्धियां
2023 : स्कूली नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
2024 : अंडर-17 कैडेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
2024 : स्कूली नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
2024 व 2025 : वर्ल्ड चैंपियनशिप में भागीदारी।