हिसार। रविवार को तीन वीआईपी के प्रोग्राम होने के चलते माहौल तनावपूर्ण हो सकता है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, गुजरात राज्यपाल आचार्य देवव्रत अलग-अलग कार्यक्रमों में हिसार पहुंचेंगे। जिसमें डिप्टी सीएम और रामचंद्र जांगड़ा के कार्यक्रम का विरोध होने की आशंका है।
रविवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे से उनका कार्यक्रम शुरू होने की संभावना है। रविवार को ही राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा भी हिसार संत कबीर छात्रावास में एक कार्यक्रम में आ रहे हैं। उनके समारोह का समय भी 11 बजे ही है। संयुक्त किसान मोर्चा के किसान नेता सरदानंद राजली ने बताया कि मोर्चा के सदस्यों ने हिसार पहुंचने पर दुष्यंत चौटाला का विरोध करने का एलान किया है। जिसके लिए हिसार के चारों टोल कमेटी से, किसान सभा के धरने और वकीलों के धरने से सैकड़ों लोग पहुंचेंगे। काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। मांग पूरी होने तक बीजेपी और जेजेपी के नेताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। रामचंद्र जांगड़ा के विरोध का एलान तो नहीं किया गया, लेकिन विरोध की भी आशंका है। हिसार के दयानंद महाविद्यालय में आयोजित समारोह में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी पहुंचेंगे। ऐसे में रविवार का दिन पुलिस के लिए चुनौती भरा साबित हो सकता है।