हिसार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि वोट प्रतिशत घटना और ईवीएम की बैटरी 99 प्रतिशत मिलना चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करता है।
अग्रसेन भवन में अपनी मौसी की शोकसभा में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग के रवैये से लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। जब तक जवाब नहीं मिलता और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हुड्डा ने सवाल उठाया कि 5 अक्टूबर 2024 को मतदान के दौरान वोट प्रतिशत 61.19 था जो 6 को बढ़कर 65.65 प्रतिशत और 7 अक्टूबर की रात 67.90 प्रतिशत हो गया। मतदान के बाद प्रतिशत में इतनी बढ़ोतरी कैसे हुई और इस्तेमाल के बाद भी ईवीएम की बैटरी 99 प्रतिशत कैसे रही।
चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए लेकिन भाजपा के प्रवक्ता कांग्रेस पर निशाना साधते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं और इंडिया गठबंधन भी आंदोलन जारी रखेगा।
एक सवाल के जवाव में क्षेत्रीय दलों पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने आरोप लगाया कि कुछ पार्टियां भाजपा की बी टीम के तौर पर काम कर रही हैं। इतने बड़े मुद्दे पर भी विरोध में नहीं उतर रही हैं। इस अवसर पर आदमपुर विधायक चंद्र प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं पर पुलिस कार्रवाई का विरोध
हुड्डा ने हरियाणा में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और जिला अध्यक्षों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया जा रहा है और जिला अध्यक्षों के घरों के बाहर पुलिस तैनात की जा रही है। ऐसी कार्रवाई से कार्यकर्ताओं को आंदोलन करने से नहीं रोका जा सकता। 12 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में कांग्रेस के अधिक से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।