हिसार। स्याहड़वा माइनर में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मंगाली पुलिस चौकी को सूचना मिली कि स्याहड़वा माइनर में युवक का शव पड़ा है। मृतक की उम्र करीब 26 साल है। उसने काले रंग की टी शर्ट और नीले रंग की पेंट पहनी हुई है।
संदिग्ध हालत में युवक की मौत
हिसार। सैनिक छावनी के सामने आदर्श कॉलोनी में रहने वाले 35 वर्षीय ललित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने इस बारे में मृतक के परिजनों को अवगत करवा दिया है। मृतक ललित मूलरूप से भिवानी जिले का रहने वाला था। सूचना मिलने पर शाम को परिजन नागरिक अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ललित सैनिक छावनी के सामने आदर्श कॉलोनी में रहता था। पत्नी और बच्चे भिवानी में रहते है। नागरिक अस्पताल पहुंची महिला ने बताया कि वह ललित की परिचित है और सोमवार दोपहर को मां के साथ उसके घर गई थी। घर पहुंचे तो ललित की तबीयत खराब मिली। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों को शक है कि ललित ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।