चरखी दादरी। मौसम विभाग की ओर से क्षेत्र में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों तक जिले का मौसम शुष्क रहने व तेज लू चलने की संभावना है। हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि लू से बचाव के लिए स्थानीय मौसम संबंधी खबरों के लिए रेडियो सुनें, टीवी देखें, समाचार पत्र पढ़ें। बचाव के लिए गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, अपना सिर ढककर रखें, कपड़े, टोपी अथवा छतरी का उपयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। ओआरएस (ओरल रीहाइड्रेशन सॉल्यूशन), घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का मांड) नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन कर तरोताजा रहें।
उन्होंने कहा कि बच्चों को वाहनों में छोडकर न जाएं। इसके अलावा नंगे पांव बाहर न जाएं। गर्मी से राहत के लिए हाथ का पंखा अपने पास रखें, काम के बीच में थोड़ा-थोड़ा विश्राम लें, खेत खलिहान में काम कर रहे हैं तो समय-समय पर पेड़ या छाया में आसरा लें। जंक फूड का सेवन न करें। ताजे फल, सलाद तथा घर में बना खाना खाएं। दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे के बीच धूप में सीधे न जाए। यदि चक्कर आए, उल्टी घबराहट अथवा तेज सिरदर्द हो, सीने में दर्द हो अथवा सांस लेने में कठिनाई हो तो चिकित्सक को दिखाएं।
उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी में वृद्ध एवं कमजोर व्यक्तियों की खास देखभाल करें। जब वे अकेले हों, तो कम से कम दिन में दो बार उनकी जांच करें।
जानवरों का भी रखें विशेष ख्याल
उपायुक्त ने बताया कि जानवरों को छाया में रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी दें। उन्हें घर के भीतर रखें, पीने के पानी के दो बाउल रखें, ताकि एक में पानी खत्म होने पर दूसरे से वे पानी पी सकें। यदि उन्हें घर के भीतर रखा जाना संभव न हो तो उन्हें किसी छायादार स्थान में रखें, जहां वे आराम कर सकें।