शहर के दिन के तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ और यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं रात के तापमान में मामूली गिरावट आई और यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 19 फरवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। हालांकि बीच बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। मगर 20 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण बादलवाई व कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।
मंगलवार सुबह से ही मौसम साफ रहा। इसका असर यह रहा कि धूप काफी दिखी रही, जिस कारण दिन के समय मौसम काफी गर्म रहा। दिन भर चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चली। मगर तेज धूप के कारण हवाओं का ज्यादा असर नहीं हुआ। मगर दिन ढलने के बाद हवाओं के कारण थोड़ी ठंडक हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी की मात्रा 63 प्रतिशत थी, जो शाम साढ़े पांच बजे घटकर 28 प्रतिशत रह गई।
सरसों में तेला-चेपा व सफेद रतुआ की शिकायत
सरसों व गेहूं की फसल में तेला-चेपा और सरसों की फसल में सफेद रतुआ रोग की शिकायत मिली है। कृषि विकास अधिकारी डॉ. राजीव भाटिया ने बताया कि तेला-चेपा रग में कीड़े फसल के फूलों का रस चूस लेते हैं, जिससे दाना नहीं बन पाता। उन्होंने बताया कि फसल में चेला-चेपा की शिकायत आने पर किसान रोगोर या मैलाथियान दवा की 400 मिलीलीटर मात्रा को 200 लीटर पानी में मिलाकर प्रति एकड़ के हिसाब से छिड़काव करें। वहीं सफेद रतुआ के इलाज के लिए मैनकोजैब दवा की 700 ग्राम मात्रा को 200 लीटर पानी में मिलाकर प्रति एकड़ के हिसाब से छिड़काव करें।