हिसार। लाठी, डंडे, चाकू व पिस्ताैल से लैस छह बदमाशों ने शुक्रवार शाम दिनदहाड़े बालसमंद रोड पर खुशी केएसके पेट्रोल पंप पर डकैती डालकर 40 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पंप पर मौजूद कर्मी पर डंडे से हमला किया और मैनेजर को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। किसी भी बदमाश ने चेहरे पर नकाब नहीं लगाया था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों के हुलिये की जानकारी लेकर तलाश के लिए तीन टीमें लगाईं। हालांकि शाम तक किसी का सुराग नहीं लगा था।
पुलिस के मुताबिक तुषार गर्ग ने बताया कि उनका बालसमंद रोड पर पीस पैलेस के पास खुशी केएसके नाम से पेट्रोल पंप है। दोपहर को करीब डेढ़ बजे वह दिन का कैश लेकर घर आ गए थे। पंप पर मैनेजर सुमित काम संभाल रहे थे। शाम करीब 5.15 बजे तीन युवक एक बाइक और तीन एक स्कूटी पर सवार होकर आए। आर्यनगर गांव की ओर से आए इन लोगों ने स्कूटी व बाइक पंप से कुछ दूरी पहले ही खड़ी कर दी। इसके बाद डंडे, लाठी, चाकू व पिस्तौल लेकर पंप पर पहुंचे। सेल्समैन कुलदीप पर डंडों से हमला किया। एकाएक हुई इस घटना से कर्मचारी सहम गया। बदमाशों ने उससे पूछा कि कैश कहां है, निकालकर हमें दे दो। इसके बाद चार बदमाश मैनेजर के कैबिन में पहुंच गए। पिस्तौल व चाकू दिखाते हुए धमकी दी कि कैश निकालो नहीं तो जान से मार देंगे। बदमाशों ने खुद अपने हाथों से दराज खंगाली। इसके बाद वहां रखीं दोनों अलमारियां भी खंगाली। कुछ नहीं मिलने पर वे मैनेजर के कमरे के साथ बने दूसरे कमरे में भी घुसे और वहां रखे 40 हजार रुपये ले गए। इसके बाद कर्मियों ने पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी में नजर आए बदमाश
वारदात को अंजाम देने की दो सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गई। इनमें दिखाई दे रहा है कि बदमाश पंप पर पेट्रोल डलवाने आए एक बाइक सवार की ओर भी दौड़े। पहले तीन युवक आए और ग्राहक की तरह बर्ताव किया। इसके बाद तीन और आए। सभी ने पंप पर मौजूद तीन कर्मियों को दबोच लिया। एक पर डंडे से हमला कर रहे हैं।
बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं
दिनदहाड़े हुई घटना से पता लग रहा है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं है। हथियारों के साथ युवक काफी देर तक पंप पर आतंक मचाते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आर्यनगर की बजाए शहर की ओर भागे हैं। सभी के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए हैं। शनिवार को इस मामले में एसपी से मिलेंगे। - राजकुमार सलेमगढ़, प्रधान ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, हिसार
-
जांच के लिए टीमें गठित की
वारदात की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गया था। तीन टीमें जांच में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। छह आरोपियों के खिलाफ लूट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
- कमलजीत, डीएसपी, हिसार