हिसार। साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के गुर्गे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को इंदौर निवासी मनीष सोलंकी को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जांच अधिकारी सौरभ बंसल ने बताया कि 28 अक्तूबर 2024 को एनसीसीआरपी पोर्टल के माध्यम से हिसार साइबर थाना में हिसार निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर 2024 को पीड़ित के व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर संपर्क किया गया और उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल कर कॉजवे नामक फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट बनाया गया।
ग्रुप एडमिन के निर्देश पर 30 सितंबर से 23 अक्तूबर 2024 तक पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में कुल 35 लाख रुपये जमा कर दिए। अकाउंट में हर बार फर्जी मुनाफा दिखाया जाता रहा। जब शिकायतकर्ता ने रकम निकालनी चाही तो पहले प्रॉफिट का 10 प्रतिशत और बाद में टैक्स के नाम पर अतिरिक्त राशि मांगी गई। इसके बाद अचानक उसका ट्रेडिंग अकाउंट बंद कर दिया गया।