नगर निगम में 35 कर्मचारियों को लगाने के लिए लिए गए कंप्यूटर ऑपरेटर और क्लर्क के टाइपिंग टेस्ट का रिजल्ट जीजेयू ने देर शाम को जारी कर दिया। नगर निगम के अधिकारियों और कांट्रेक्टर के पास देर रात को इसकी लिस्ट मिल गई। रिजल्ट में करीब 10 लोग ही पास हो पाए हैं। निगम अधिकारियों ने अब अपने चहेतों और राजनीतिक अप्रोच रखने वालों को छूट देने की तैयारी कर ली है। सूत्रों का कहना है कि चहेतों को फिट करने के लिए अब नया नियम बनाया जाएगा, इसे छूट का नाम दिया जाएगा।
कुछ पुराने भी होंगे एडजस्ट
निगम सूत्रों ने दावा किया है कि कुछ पुराने लोग भी इसमें एडजस्ट किए जाएंगे। जो लिस्ट राजनीतिक पार्टियों की तरफ से निगम अधिकारियों के पास पहले ही भेज दी गई थी, उनमें से भी कुछ लोगों को एंट्री दी जाएगी। इतना ही नहीं कौन सी ब्रांच में कितने कर्मचारियों को एडजस्ट करना है, निगम में यह लिस्ट देर रात ही बन गई। निगम अधिकारियों ने सभी ब्रांच इंचार्ज से दोपहर को लिस्ट मांग ली थी कि कितने कर्मचारी किस ब्रांच को चाहिए, वे पहले ही बता दें। उसी आधार पर फिर वे ठेकेदार के सामने डिमांड रखेंगे। वीरवार को भी हो सकता है टेस्ट पास करने वालों को ज्वाइन न करवाया जाए। निगम में वीरवार को नौकरी के लिए हलचल और बढ़ सकती है।
रिजल्ट जारी हो चुका है। अभी हम इसे एग्जामिन कर रहे हैं। एक-दो दिन में फाइनल हो जाएगा। कांट्रेक्टर हमें कर्मचारी उपलब्ध करवा देगा।
- अशोक बंसल, कमिश्नर नगर निगम