जीजेयू हॉस्टल में बालकनी में पेशाब करने पर चले तेजधार हथियार का मामला अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले एक गुट ने 23 दिसंबर को दूसरे गुट पर हमला कर दिया था अब दूसरे गुट ने 31 दिसंबर की रात को पहले गुट के युवकों पर पहले गुट के युवक पर हमला कर दिया।
हमले में जीजेयू के छात्र अभिषेक को चोटें आई हैं। पूरा मामला पुरानी रंजिश को लेकर ही चल रहा है। मगर इस बार हमला यूनिवर्सिटी से बाहर सिरसा रोड स्थित चौधरी होटल पर हुआ है। मामले की शिकायत अभिषेक ने पुलिस को दी है।
शिकायत में पलवल निवासी छात्र अभिषेक ने बताया है कि सुमित, रवि, चेतन, दीपक, अमित, अक्षय व सात आठ अन्य युवक डंडे व तेजधार हथियार लेकर आए। वह उस वक्त चौधरी होटल पर खाना खा रहा था।
युवकों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उसकी शिकायत पर जीजेयू के इन युवकों तथा आउट साइडर सात आठ अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह था मामला
टीचिंग ब्लॉक नंबर सात के सामने 23 दिसंबर को छात्र गुुटों में तेजधार हथियार चले थे। झगड़े में बीटेक मेकेनिकल सेकेंड ईयर का छात्र एवं इनसो का सदस्य सुमित खासा घायल हो गया। उसके सिर व कमर पर गंभीर चोटें लगी थीं। उसके क्लासमेट ने उसे उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
उधर घायल सुमित के गुट के साथियों ने दूसरे गुट के एक युवक को सिविल अस्पताल में जमकर पीटा। दूसरे गुट के युवक का नाम भी सुमित है वह बीटेक प्रिंटिंग का स्टूडेंट है। इनका विवाद इस घटना से तीन दिन पहले बालकनी में पेशाब करने के मामले पर हुआ था। कहा जा रहा है कि हॉस्टल नंबर 1 के एक रूम में कुछ छात्र शराब पी रहे थे। इनमें आउट साइडर भी थे।
रात को शराब पीने के बाद इन छात्रों ने ऊपर से ही पेशाब कर दिया। पेशाब उक्त रूम के नीचे वाली विंग के कमरे की बालकनी में गिरा तो उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इस मामले में भी सुमित की शिकायत पर अभिषेक, अमित, जगदीप व हरदीप सहित कुछ अज्ञात युवकों पर केस दर्ज हुआ था।