हरियाणा के हिसार के नारनौंद पुलिस थाने में एक एएसआई ने वर्दी का रौब झाड़ते हुए दो युवकों को अवैध हिरासत में रखकर मारपीट की। आरोप है कि एसआई ने दोनों युवकों के गुप्तांग में चोट पहुंचाई। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने आरोपी एएसआई को लाइन हाजिर किया है। वहीं दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार नारनौंद क्षेत्र के एक गांव निवासी ने बताया कि 20 अक्तूबर की रात को बेटे और उसके दोस्त का लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ कर थाने ले गई।
आरोप है कि रात करीब 12 बजे एएसआई शिव कुमार शराब के नशे में आया और दोनों युवकों के कपड़े उतरवा मारपीट की। इसके बाद उनके गुप्तांग में चोट पहुंचाई। 22 अक्तूबर को परिजन दोनों को थाने से लाए और अस्पताल में भर्ती कराया।
झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
घायलों का कहना है कि रातभर पीटने के बाद सुबह पुलिस कर्मी ने कहा कि मेरे बारे में पुलिस में अगर कोई शिकायत दी तो झूठे केस में फंसाकर अंदर कर दूंगा।
मामला संज्ञान में आने के बाद उच्च अधिकारियों को बता दिया था। पुलिस अधीक्षक ने एएसआई शिवकुमार को लाइन हाजिर किया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
- इंस्पेक्टर चंद्रभान, नारनौंद थाना प्रभारी