हरियाणा के हिसार में सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार रात गांव सीसवाला में चार युवकों ने गांव के बाहर फिरनी पर बसे सात घरों को निशाना बनाया। चोर इन घरों से 4.35 लाख रुपये, सोने और चांदी के गहने ले गए। सीसीटीवी कैमरों में आरोपी हाथों में डंडे लिए नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल से जरूरी तथ्य जुटाए। बता दें कि चोरी की वारदात से पहले बुड़ाक गांव में चार युवकों ने एक कार लूटी थी। पुलिस को शक है कि आरोपी लूटी गई कार से ही वारदात करने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को चोरों ने बीरसिंह, जयसिंह और सुमन के घर के ताले तोड़े। इन घरों में चोरों को कुछ नहीं मिला। इसके बाद मंगलसेन, कुलदीप और जोगिंदर और कर्मबीर के घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर नंगे पांव घरों में घुसे थे, ताकि कदमों की आहट न हो।
सीसवाला निवासी मंगलसेन ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद अपने परिवार के साथ सो गए थे। देर रात्रि घर में घुसे चोरों ने 25 हजार की नकदी, 2 सोने की अंगूठी, 4 नोजपीन, 2 जोड़ी पाजेब और बच्चों के चांद पातड़ी चोरी की है। वहीं, गांव के कुलदीप नांदवाल ने बताया कि देर रात्रि घर के पास से चार युवक लाठी डंडो में दिखाई दे रहे है। युवको ने घर में घुसकर ताला तोड़कर 1 गंठी, 2 मंगलसूत्र, 1 तबीजी, 2 जोड़ी बाली, 40 तोला चांदी और घर में केसीसी की 3 लाख 60 हजार रुपये की नकदी चोरी की है।
जोगेंद्र ने बताया कि वह पीएसओ का कार्य करता है। चोर घर से 4 अंगूठी सोने की, 1 मंगलसूत्र, 1 हार, 6 जोड़ी पाजेब, 1 चांदी का सिक्का, 2 हजार का चांदी का नोट, 8 बच्चों के कड़े, 6 बिछिया, 2 चांदी की अंगूठी और 50 हजार रुपये की नकदी चोरी की है। उधर, कर्मबीर जाखड़ के घर से चोर तबीजी, चांदी का सिक्का और 12 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
पुलिस केस दर्ज करने तक सीमित : आर्य
संयुक्त किसान संघर्ष समिति के प्रधान सुरेंद्र आर्य ने अपने ब्यान में बताया कि क्षेत्र में पिछले तीन साल से चोरी की कई घटना हो चुकी हैं। पुलिस सिर्फ केस दर्ज करने तक सीमित है। पुलिस कहीं गश्त तक नहीं करती। बालसमंद चौकी क्षेत्र में खुले में शराब के अलावा स्मैक, चरस, गांजा सरेआम बिकता है। धीरणवास में किसान के घर से सात लाख से अधिक राशि चोरी के मामले में पुलिस पर पीड़ित को धमकाने के आरोप तक लग चुके हैं।
फर्जी सरकारी योजना के नाम पर हो चुकी ठगी
बालसमंद पुलिस न तो चोरों को पकड़ने में कामयाब हो रही है और न ही आमजन को सुरक्षा देने में। गौरतलब है कि एक माह पूर्व गांव सीसवाला में फर्जी योजनाओ के फॉर्म भरकर आमजन से रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस ने सचिन और उसके साथी पर कोई मामला तक दर्ज नहीं किया है।
बालसमंद क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदात को रोकने के लिए सभी सरपंचों से आह्वान है कि वे गांवों में ठीकरी पहरा लगवाएंगे। पुलिस की दो गाड़ी और एक राइडर क्षेत्र में पहले से ही गश्त पर रहते हैं। चोरी की आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
- सुरेश कुमार, सदर थाना प्रभारी, हिसार