मंडी आदमपुर: बहन के प्रेम विवाह से खफा भाई ने जीजा पर चलाईं गोलियां, खेत में भागकर बचाई जान
Thu, 28 Apr 2022 12:35 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी आदमपुर, हिसार (हरियाणा)
सार
पुलिस ने एक नामजद समेत दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। युवक ने खेत में भागकर जान बचाई। 10 फरवरी को ढाणी आदमपुर के विकास ने जगाण निवासी युवती से कोर्ट मैरिज की थी।
हरियाणा के हिसार जिले के मंडी आदमपुर क्षेत्र में बहन के प्रेम विवाह से खफा भाई ने मंगलवार रात अपने जीजा पर गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि युवक को गोली नहीं लगी। उसने खेत में भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नामजद समेत एक अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस को दी शिकायत में गांव ढाणी आदमपुर निवासी विकास ने बताया कि उसने 10 फरवरी 2022 को गांव जगाण निवासी एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। 26 अप्रैल को शाम करीब सात बजे वह अपनी गाड़ी से मंडी आदमपुर से अपनी ढाणी में जा रहा था।
रास्ते में दलीप थालोड़ की किराना की दुकान पर सामान लेने के लिए रुका तो एक बाइक पर उसकी पत्नी का भाई जगाण निवासी रविंद्र एक अन्य युवक के साथ आया और बंदूक से दो गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी। उसने खेतों में भागकर युवकों से अपनी जान बचाई। पुलिस ने विकास की शिकायत पर रविंद्र व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।