साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि पुलिस लगातार ठगी से बचने के लिए लोगों के लिए हिदायतें जारी कर रही है। हरियाणा के हांसी जिले के गांव उमरा निवासी किसान राजेश से एक साइबर ठग ने खुद को फौजी बताकर झांसे में लिया और सस्ते रेट में ट्रैक्टर बेचने का लालच देकर एक लाख 27 हजार रुपये हड़प लिए। राजेश ने हांसी सदर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
राजेश ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखा था, जिसमें एक ट्रैक्टर 3 लाख 20 हजार रुपये में बेचना दिखाया गया था। उसे ट्रैक्टर पसंद आ गया तो उसने विज्ञापन में दिए नंबर पर बात की। इस दौरान कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को सेना में तैनात बताते हुए कहा कि उसकी ट्रांसफर हो गई है, इसलिए ट्रैक्टर बेच रहा है।
उसने ट्रैक्टर की आरसी व अन्य कागजात भेजे, जो रोहतक के मकड़ौली गांव के किसी युवक के नाम पर थे। सौदा तय होने के बाद कोरियर से ट्रैक्टर भेजने के नाम पर 8 हजार, जीपीएस ट्रैकर के नाम पर 30 हजार, जीएसटी बिल के नाम पर 41 हजार व रिसिविंग के नाम पर 49 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
करीब एक लाख 27 हजार खाते में भेजने के बाद भी जब राजेश से 60 हजार और मांगे तो उसे शक हुआ। फिर जब राजेश ने पहले भेजी हुई रकम वापस मांगी तो उक्त युवक ने इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।