हरियाणा के हांसी के भगत सिंह रोड पर संदिग्ध हालात में बैंक ग्राहक सेवा केंद्र से गुरुवार रात करीब साढे़ 8 बजे 12 लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। वारदात के समय सोनू सिंधवानी अपनी दुकान बंद कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
वहीं, व्यापारियों ने इस बारे में शुक्रवार को भगत सिंह रोड पर बैठक बुलाई है। इसमें लगातार बढ़ रही वारदात को लेकर फैसला लिया जाएगा। सोनू सिंधवानी ने बताया कि भगत सिंह रोड पर सिद्धी विनायक बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के नाम से बैंक की मित्र शाखा है। वहां यूनियन बैंक व पीएनबी की मित्र शाखा चलाते हैं।
यहां बैंक से जुड़ा लेन-देन होता है। नकदी को अगले दिन बैंक में जाकर जमा करवाते हैं। बैग में करीब 12 लाख रुपये थे। रात करीब साढ़े आठ बजे लेन देन को बैग में डालकर शाखा बंद कर रहे थे। बैग बाहर रखा था। उसी समय वह कुछ सामान लेने के लिए अंदर गया तो एक युवक बैग उठाकर भाग गया।
चोरी की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी विकास कुमार व सीआईए प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की आसपास की दुकानों की फुटेज खंगालेगी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी करवाई। देर रात तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।
उधर, वारदात की जानकारी मिलने पर विधायक विनोद भयाना, जजपा नेता राहुल मक्कड़, प्रवीन ऐलावादी, हांसी व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीन तायल, देवेंद्र महता, मनोज राठी, भारत भूषण भयाना मौके पर पहुंचे। विधायक ने कहा कि यह घटना निंदनीय है और जल्द चोरी की बरामदगी होगी। इसको लेकर उन्होंने एसपी व पुलिस के आला अधिकारियों से बातचीत की है।
वहीं, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि प्रदेश में बार-बार आपराधिक घटनाएं होने से प्रदेश के व्यापारी अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए भयभीत है। हांसी अपराध का अड्डा बना हुआ है।
यहां तक कि प्रदेश में हर रोज व्यापारी व आम जनता के साथ वारदात हो रही हैं। रुपये की रिकवरी नहीं की तो व्यापार मंडल सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगा। कांग्रेस नेता तेलू राम जांगड़ा ने कहा कि सरकार व प्रशासन व्यापारियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह फैल रहा है।