हिसार। जेल वार्डर दंपति के सरकारी क्वार्टर में पड़ोसी जेल वार्डर ने ही चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साइंस की टीम ने मौके का मुआयना कर सबूत जुटाए।
सेंट्रल जेल नंबर एक के वार्डर कुलदीप सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी बबीता भी महिला जेल वार्डर है। मंगलवार को दोनों ड्यूटी पर गए हुए थे। मंगलवार सुबह करीब साढे़ दस बजे घर पहुंचा तो देखा कि अंदर से कुंडी बंद थी। दरवाजा खटखटाया तो किसी ने जवाब नहीं दिया। पड़ोसियों से पूछताछ कर रहा था इस बीच पड़ोस में रहने वाला जेल वार्डर जसविंद्र पड़ोसी सोमबीर के घर की ओर से कूदकर दूसरी ओर भागता दिखाई दिया। घर के अंदर जाकर देखा तो ताला खुला पड़ा था। घर का सामान चेक किया तो पता लगा कि अलमारी से सोने की चार अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स, 8 हजार रुपये नकद गायब थे। कुलदीप ने बताया कि जनवरी में भी उनके घर चोरी हुई थी। इसमें लाखों का सामान चुराया गया था। अब तक आरोपी नहीं पकडे़ गए। कुलदीप ने अपनी शिकायत में कहा कि जसविंद्र पहले भी जेल में चोरी कर चुका है। वह अधिकारियों के पास ड्यूटी करता रहा है, इस कारण अब तक उस पर केस दर्ज नहीं हुआ।