अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
चौधरीवास स्थित आर्यन पेट्रोल पंप पर बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार दो युवकों ने गन दिखाकर 2.65 लाख रुपये लूट लिए। युवक नकाब पहने हुए थे। बदमाशों के पास गन थी। उन्होंने गन दिखाकर रुपये लूटे और कालवास चौक की तरफ फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते पर सदर थाना पुलिस और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाकेबंदी भी करवाई, लेकिन देर रात तक लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं लगे।
पहले तेल डलवाकर चले गए, तीन मिनट बाद आए वापस
आर्यन पेट्रोल पंप के मालिक संदीप ने बताया कि वारदात के वक्त वे खुद और पंप पर सारा स्टाफ मौजूूद था। बिना नंबर की बाइक पर एक युवक ने नकाब पहने हुए था। दूसरा आरोपी युवक हेलमेट पहने हुए था। उन्होंने पहले आते ही बाइक में तेल डलवाया और मौके से चले गए। करीब तीन से चार मिनट में वे वापस लौटे और जो कर्मचारी ऑफिस के अंदर कैश गिन रहा था, उसकी तरफ बाइक ले गए। वहां जाकर इनमें से एक आरोपी ने गन तानी और दूसरे ने कैश लूट लिया। अचानक यह देखकर मालिक और अन्य स्टाफ जब उसकी तरफ भागे तो बदमाश ने उनकी तरफ गन तान दी। कहीं फायर न कर दे, इसके चलते वे कुछ नहीं कर पाए और लुटेरे कैश लेकर फरार हो गए। घटना के बाद कांग्रेसी नेता रणधीर पणिहार भी मौके पर पहुंचे। पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद पीड़ित का हर स्तर पर सहयोग करने का भरोसा दिया। कुछ अन्य पंप संचालक भी घटनास्थल पर पहुंचे।
सीसीटीवी में हुए कैद
पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। मगर युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। मालिक का कहना है कि दोनों के चेहरे ढके हुए थे। उन्होंने वारदात के दौरान कोई बात भी नहीं की। एक ने हेलमेट लगा रखा था। हेलमेट वाले ने सेल्समैन पर हमला भी किया।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान भी पहुंचे
वारदात की सूचना पेट्रोल पंप एसोसिएशन राजकुमार सलेमगढ़ को मिली। सूचना मिलते ही वे भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पेट्रोल पंप पर लगातार हो रही इस तरह की वारदात को लेकर निंदा की है।
फरवरी में मेट्रो फ्यूल पर लूटे थे 5.31 लाख
फरवरी में मेट्रो फ्यूल स्टेशन पर चौधरीवास में ही 5 लाख 31 हजार की लूट हुई थी। पेट्रोल पंप संचालक राहुल गुप्ता अपनी गाड़ी में कैश लेकर आ रहे थे। उनकी गाड़ी पर फायर कर दिया, जो शीशे में लगा और कैश बैग लेकर लुटेरे फरार हो गए थे। इसी पेट्रोल पंप पर अगस्त 2015 में भी एक लाख रुपये की लूूट हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली है, जिसमें हेलमेट पहले युवक ने केबिन में एंट्री की थी, जिसका फुटेज में पूरा रिकॉर्ड है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को पहचानने का प्रयास कर रही है।
फोटो नंबर 75 व 76
पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवकों ने गन दिखा लूटे 2.65 लाख
- चौधरीवास पेट्रोल पंप पर पहले भी हो चुकी वारदात, नकाब पहने हुए थे आरोपी