अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कोख में कत्ल की अभियुक्त राजस्थान के सिद्धमुख की डॉ. सरोज पूनिया और हिसार के सूर्य नगर निवासी दलाल सुनील को सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस के सामने डॉक्टर ने हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। उसने कबूला है कि वह पिछले 10 से 12 साल से डिलीवरी करवाने का काम कर रही है। इन सालों में उसे ही याद नहीं कि उसने कितने गर्भपात करवा दिए। डिलीवरी के दौरान बीच-बीच में ऐसे केस आते रहते हैं। इन केस का उनके पास कोई रिकॉर्ड भी नहीं होता।
अस्पताल में लेकर गई पुलिस
पुलिस बुधवार को दोनों को कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लेकर राजस्थान के अस्पताल में ले गई थी। पुलिस ने दोनों से निशानदेही करवाई और वहां से गर्भपात में प्रयुक्त औजार और दवाएं बरामद की हैं।
बड़ा नेटवर्क होने का दावा
पुलिस सूत्रों का दावा है कि कोख में कत्ल का नेटवर्क बड़ा हो सकता है। महिला डॉक्टर ने बताया कि वह 10-12 साल से डिलीवरी करा रही है। डॉक्टर के साथ कई और दलाल जुड़े हैं। वे ग्राहकों को तैयार कर डॉक्टर के पास लेकर आ रहे हैं। डॉक्टर और दलाल काम होने के साथ ही रुपयों की हिस्सेदारी करते थे।
दलाल करा चुका है चार-पांच का गर्भपात
पुलिस पूछताछ में सूर्यनगर निवासी दलाल सुनील कुमार ने बताया कि वह आठ महीने पहले अस्पताल के पीआरओ के तौर पर सिद्धमुख की लेडी डॉक्टर के संपर्क में आया था। वह अब तक चार-पांच महिलाओं का गर्भपात करा चुका है। फिलहाल के ताजा मामले में उसने दो महिलाओं का गर्भपात कराया था। इनमें एक महिला भिवानी और दूसरी रायपुर की है। मगर ये दोनों महिलाएं अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
यह है मामला
सूर्यनगर के सुनील ने सोमवार को भिवानी और रायपुर की दो महिलाओं को आईटीआई के पास बुलाया था। दो महिलाओं के साथ एक औरत और तीन पुरुष थे। सुनील ने खुद भाड़े पर कार मंगाई थी। उसके बाद वे कार में सिद्धमुख गए थे। वहां दोनों महिलाओं का गर्भपात कराकर दलाल मंगलवार तड़के यहां टैक्सी स्टैंड पर पहुंचा तो कार मालिक और चालक ने उसे पकड़कर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सौंप दिया था। पुलिस दलाल को साथ ले जाकर सिद्धमुख की डॉ. सरोज पूनिया को उठा लाई थी। पुलिस ने इस संबंध में पीएनडीटी और एमटीपी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
पूछताछ में कबूला, नहीं कोई रिकॉर्ड, अनगिनत करा चुकी हूं गर्भपात
- नर्सिंग होम से गर्भपात के औजार, दवाएं बरामद, डॉक्टर और दलाल भेजे जेल
दलाल से पूछताछ के आधार पर दोनों महिलाओं की तलाश की जा रही है। उसकी मोबाइल डिटेल खंगाली जा रही है। महिलाओं का सहयोग करने वाले पुरुष पुलिस के रडार पर हैं। नेटवर्क बड़ा हो सकता। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-मनदीप सांगवान, एसएचओ सिविल लाइन