हिसार। पुलिस ने दो कैंटरों को काबू किया है। नमें ठूंस-ठूंस कर भैंस और कटड़े भरे हुए थे। सदर थाना पुलिस ने दोनों कैंटरों के चालकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार सदर थाना पुलिस के एएसआई पूर्ण प्रकाश हेड कांस्टेबल रघुबीर सिंह गश्त के दौरान बगला रोड पर मौजूद थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दो कैंटर बगला की तरफ से आ रहे हैं, जिनमें ठूंस-ठूंस कर पशु भरे हुए हैं। सूचना मिलने पर उन्होंने नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद सूचना के मुताबिक दो कैंटर आते दिखाई दिए। उन्होंने नाके पर दोनों कैंटरों को रुकवा लिया और चेक किया तो उनमें से एक कैंटर में 12 कटड़े व तीन भैंस ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं और दूसरे कैंटर में भी 12 कटड़े व 3 भैंस भरी हुई थी। चालक की पहचान राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर गांव निवासी रामदेव और बालसमंद हिसार निवासी जिले सिंह के रूप में हुई। जांचकर्ता एएसआई सुरेंद्र सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11.59.60 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्हें बाद में पुलिस जमानत पर छोड़ दिया गया।