शहजादपुर(अंबाला)। खंड शहजादपुर के गांव धनाना के निकट सीआईए स्टाफ नारायणगढ़ की टीम ने नाकाबंदी कर गांव पटवी की ओर से आ रही एक टाटा एस गाड़ी से 5 क्विंटल 20 किलो ग्राम चूरापोस्त बरामद की है। पुलिस ने थाना शहजादपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस नाके पर रोकी गई टाटा ऐस गाड़ी को कर्मबीर उर्फ काला निवासी गाव गोलपुरा जिला पंचकूला चला रहा था। उसके साथ अश्वनी गुप्ता उर्फ जोनी निवासी शहजादपुर बैठा था। गाड़ी को रोकने पर पीछे बैठा एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। गाड़ी में बैठे लोगों ने भागने वाले व्यक्ति का नाम रिंकू राणा निवासी गांव बहबुलपुर जिला पंचकूला बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।