अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिसार-राजगढ़ मार्ग पर गांव मुकलान के पास शुक्रवार देर शाम बाइक सवार दो-तीन युवकों के पिस्तौल दिखाकर गंगवा के मंजीत से कार लूटने की सूचना पर पुलिसकर्मी दौड़ पड़े, लेकिन देर रात तक कार मालिक पुलिस के सामने नहीं आया था और पुलिस उसे तलाश रही थी। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था। इससे मामला स्पष्ट नहीं हुआ था।
गंगवा के मंजीत ने मोबाइल फोन से कंट्रोल रूम में संपर्क कर बताया कि बाइक सवार दो-तीन युवकों ने मुकलान के पास उससे कार लूट ली है। तब कंट्रोल रूम से वीटी कराकर जिले की नाकेबंदी करा दी गई। डीएसपी मोहम्मद जमाल, सदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह नैन, आजाद नगर चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह और सीआईए के कर्मचारी वाहनों में घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम से मोबाइल नंबर लेकर उस पर संपर्क किया, तब उससे अधूरी बात हुई और फिर मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। कंट्रोल रूम में सूचना देने वाले ने खुद को गंगवा का मंजीत बताया था। पुलिसकर्मी उसके घर गए, लेकिन वह नहीं मिला। वह रात 11 बजे तक पुलिस के सामने नहीं आया था और न उसका मोबाइल चालू हुआ। पुलिस पशोपेेश में थी। मंजीत ने कंट्रोल रूम में सूचना देकर बताया था वह मुकलान गांव गया था। वह कार में गंगवा आ रहा था। वह मुकलान गांव के पास पहुंचा तो अचानक एक बाइक गाड़ी के सामने आ गई। बाइक से टक्कर न हो इसलिए गाड़ी रोक दी। बाइक पर सवार दो-तीन युवक उतरे। एक युवक के हाथ में पिस्तौल थी। उसने पिस्तौल कनपटी पर लगाकर उसे नीचे उतारा। फिर हाथ और मुंह बांधकर उसे गाड़ी में बैठा लिया। उन्होंने ढाई किलोमीटर चलने के बाद उसे उतार दिया और वे गाड़ी लेकर फरार हो गए। सदर थाना पुलिस देर रात तक कार मालिक को तलाश रही थी।
सूचना मिलने पर हमने कार मालिक को मुकलान के पास काफी तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। हम उसे ढूंढ रहे हैं। उसके मिलने पर मामला स्पष्ट होगा।
-देवेंद्र सिंह नैन, एसएचओ सदर थाना