अमर उजाला ब्यूूरो
हिसार।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. पंकज की अदालत ने उकलाना एरिया की एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में तीन युवकों को बतौर आरोपी तलब किया है। अब उन पर मुकदमा चलेगा। पहले एक आरोपी ट्रायल फेस कर रहा था। अब चार आरोपियों पर मुकदमा चलेगा।
कोर्ट में सरकारी पक्ष ने विकास, राममेहर और राहुल को आरोपी बनाने की दरख्वास्त लगाई थी। कोर्ट ने दरख्वास्त मंजूर कर तीनों को बतौर आरोपी तलब कर अगली तारीख 19 मई निर्धारित कर दी है। उकलाना थाना पुलिस ने तीनों को जांच में निर्दोष बताकर केस से निकाल दिया था। फिलहाल अकेले प्रदीप पर केस चल रहा था। अब चारों ट्रायल फेस करेंगे। उकलाना एरिया के एक गांव की 16 साल की किशोरी ने 8 जून 2017 को पुलिस को बयान दिए थे कि वह दोपहर को पशुबाड़े में उपले लेने गई थी। तब प्रदीप पशुबाड़े के पास खड़ा था। वह मौका पाकर अंदर घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मैंने शोर मचाने का प्रयास किया तो मय्रा मुंह बंद कर दिया। मेरा पिता मौके पर आया तो वह भाग गया। पुलिस ने प्रदीप के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने कोर्ट में पीड़िता के 164 के बयान दर्ज कराए थे। पीड़िता ने वहां दिए बयान में कहा था कि प्रदीप ने रेप किया तो विकास, राममेहर और राहुल ने मेरे हाथ-पैर जकड़ रखे थे। पुलिस ने प्रदीप के अलावा उन तीनों को आरोपी बनाया था। पुलिस ने तीनों को जांच में निर्दोष बताया था। पीड़िता के अधिवक्ता लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि कोर्ट ने राहुल, विकास और राममेहर को बतौर आरोपी तलब किया है। अब उन पर भी ट्रायल चलेगा।