अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सूर्य नगर निवासी रिटायर्ड सैनिक के घर से चोर सोना व चांदी के गहनों सहित 12 लाख की नकदी ले उड़े। रिटायर्ड सैनिक का कहना है कि शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच हमारे घर में कोई नहीं था। उसी समय चोर घर से नकदी व सोना ले गए।
बता दें कि शिकायतकर्ता रिटायर्ड सैनिक रामकुमार सिक्योरिटी में काम करता है। शुक्रवार को रामकुमार किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। चोरों ने मौका देख घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया और घर के लॉकर में रखी 12 लाख की नकदी सहित 35 ग्राम सोना, चांदी की पाजेब, चांदी के सिक्के अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस को दी शिकायत में यह भी बताया कि चोरी की घटना का आरोपी पहले ही जानता था कि घर की चाबी कहां रखी हुई है। पुलिस ने जांच में पाया कि रामकुमार घर की उपरी मंजिल में रहता है व नीचे किराएदार रहते हैं। पुलिस को शक है कि ये काम किसी जानकार व्यक्ति का ही हो सकता है। उसको पहले ही पता था कि चाबी कहां रखी है।
----------------------------
गंगवा में दिन दहाडे़ एक लाख की नकदी और आठ तोले सोना चोरी
हिसार। गंगवा गांव में कल्याण कॉलोनी में चोर ताले को तोड़कर एक लाख रुपये की नकदी के अलावा आठ तोले सोने के आभूषण ले गए। पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को दी गई शिकायत में कल्याण कॉलोनी वासी सतबीर ने बताया कि दिन में परिवार के सदस्य किसी काम से रिश्तेदार के घर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि दोपहर को मैं पड़ोस में गया हुआ था। घर पर ताला लगा हुआ था। थोड़ी देर बाद जब घर आया तो ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर रखा हुआ सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी के अंदर रखी हुई एक लाख रुपये की नकदी और आठ तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
गंगवा में दिन दहाड़े आठ तोले सोना और सूर्य नगर में 12 लाख रुपये चोरी
-रिटायर्ड सैनिक के घर से 12 लाख की नकदी व 35 ग्राम सोना चोरी