अमर उजाला ब्यूरो
उकलाना (हिसार)। लेबर एंड ट्रांसपोर्टेशन का काम करने वाली कंपनी बीबीएन लॉजिस्टिक के ठेकेदार विजय कुमार के कार्यालय में नौकर का काम करने वाला नेपाली युवक बहादुर दुर्गा 10 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। ठेकेदार विजय कुमार ने बताया कि उसके मुनीम पम्मी ने बैंक से 9 लाख 90 हजार रुपये निकलवाए थे। वह रुपये उसने अलमारी में रख दिए और किसी काम के लिए चला गया। उसने बताया कि बहादुर दुर्गा को रुपये अलमारी में रखे जाने के बारे में पता था। उसने पीछे से अलमारी को तोड़ रुपये निकाल लिए और फरार हो गया।
विजय कुमार ने बताया कि अलमारी में खाली चेक पर भी वह हस्ताक्षर करके रखते हैं, ताकि लेबर आदि को पेमेंट देने का काम न रुके। अनेक खाली दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर किए होते हैं। अब तो यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि उस अलमारी से अन्य क्या-क्या दस्तावेज गायब हैं।
विश्वासपात्र था बहादुर
विजय कुमार ठेकेदार ने बताया कि बहादुर विश्वासपात्र बना हुआ था और लगभग 11-12 साल से खाना बनाना व साफ-सफाई का काम करता था। उसने कहा कि वह इतना विश्वासपात्र बना हुआ था कि उस पर शक करने का कोई कारण नहीं था, जिस कारण उन्होंने उसका रजिस्ट्रेशन भी नहीं करवाया था। इससे भी अधिक रुपये पहले कई बार अलमारी में रखे होते थे, लेकिन कभी किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आई। इसके लिए उन्होंने पुलिस में शिकायत दे दी है।
बहादुर दुर्गा हमारे घर और दुकान पर नौ साल से लगा हुआ था। ये हमारे परिवार के साथ काफी मिलजुल कर रहता था। इसी विश्वास के कारण इसे दुकान पर भी काम लेते थे। मैं फतेहाबाद गया था। पांच बजे के करीब वापस आया तो अलमारी टूटी हुई थी। आसपास नौकर नहीं दिखा तब हमने पुलिस को सूचना दी।
-विजय पाल, टेकेदार
हमारे पास पांच बजे सूचना आई थी कि नेपाल का रहने वाला युवक नौ लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। हमने तुरंत मौके पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी। चारों ओर नाकेबंदी करवा दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-कृष्ण, एसएचओ, थाना उकलाना।
मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। लोकेशन के आधार पर हमने हमारी टीम को भेज दिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर रुपये बरामद किए जाएंगे।
जयपाल, डीएसपी, बरवाला।