अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। ऑटो मार्केट में डीजल स्पेयर पार्ट की दुकान से नौकर पंद्रह हजार का स्पेयर पार्ट का सामान व एक लाख 19 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पड़ाव चौकी पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 14 निवासी विनोद तनेजा ने बताया कि वह ऑटो मार्केट में डीजल इंजन स्पेयर पार्ट की दुकान चलाता है।
उसकी दुकान पर पिछले कुछ समय से यूपी के जिला गोंडा का बबन नौकर व चौकीदार का काम करता था। बबन रात को दुकान के ऊपर बने कमरे में ही रहता था। पिछले बुधवार को वह दुकान बंद करके घर आ गया। उस दौरान बबन ऊपर बने कमरे में सोने के लिए चला गया। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पर गया तो दुकान का ताला टूटा हुआ था। ताला टूटा देखकर उसने बबन को आवाज लगाई। जब काफी देर तक बबन वहां नही आया तो उसने ऊपर जाकर देखा तो बबन अपने कमरे में नही था। इसके बाद वह दुकान के अंदर गया तो दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ था व लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे हुए एक लाख 19 हजार रुपये व करीब पंद्रह हजार रुपये का सामान दुकान से गायब मिला। उन्होंने बबन के घर पर भी संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनसे कोई बात नही हो पाई। पुलिस ने दुकान मालिक विनोद की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपी नौकर की तलाश शुरू कर दी है।