अमर उजाला ब्यूरो
बास (हिसार)। बास में दरिंदगी का शिकार बनी तीसरी कक्षा की छात्रा को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने छात्रा को मौके पर ले जाकर निशानदेही कराई। जिसमें छात्रा ने उस बाथरूम की पहचान की जहां दरिंदगी को अंजाम दिया गया था। आरोपी शिक्षक एक दिन के पुलिस रिमांड के बाद बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी शिक्षक को जेल भेज दिया।
नारनौंद उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बास क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के बाद बुधवार को भी गांव की गलियों में घटना की निंदा होती रही। स्कूल में महिला अध्यापिकाओं को लगाने के बाद ग्रामीणों व छात्राओं के परिजनों ने थोड़ी राहत की सांस जरूर ली है। मंगलवार को स्कूल में जहां छात्राओं की संख्या बहुत ही कम थी, वहीं बुधवार को संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। अब स्कूल के हालात भी सामान्य होने लगे हैं। वहीं बुधवार को रिमांड समाप्त होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया। तीसरी कक्षा की एक छात्रा के साथ उसी के क्लास इंचार्ज हांसी की दयाल सिंह कॉलोनी निवासी अध्यापक सत्यवान ने स्कूल के समय में ही बच्ची को बाथरूम में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी को अंजाम दिया था।
यह बोलीं हांसी महिला थाना प्रभारी
हांसी महिला थाना प्रभारी कमलेश ने बताया कि आरोपी शिक्षक को बुधवार को रिमांड समाप्त होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सीन ऑफ क्राइम टीम इंचार्ज डॉ. अजय ने बताया कि बुधवार को बच्ची को टीम अपने साथ घटनास्थल पर ले गई। बच्ची की ओर से बताए गए घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।