हिसार। आदमपुर पुलिस ने वर्ष 2017 के एक जमीनी विवाद में शिकायतकर्ता द्वारा झूठी शिकायत दर्ज करवाने के मामले में पुलिस जांच के बाद अब शिकायतकर्ता के खिलाफ ही विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के बाद अब सीसवाल निवासी सुरेंद्र कुमार की शिकायत के आधार पंजाब के मुक्तसर जिले के गांव थराजवाला निवासी परमपाल सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सीसवाल निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पंजाब के मुक्तसर जिले के गांव थराजवाला निवासी परमपाल सिंह की दादी की जयकौर की मौत 12 सितंबर 1996 में हुई, लेकिन धोखाधड़ी करके फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए, जिसमें मृत्यु की डेट 26 अगस्त 1988 दिखाई गई और सुरेंद्र के खिलाफ 10 मार्च 2017 को आदमपुर थाने में शिकायत दर्ज करा दी। जांच में पूरा मामला फर्जी पाया गया। अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि तपाखेड़ा की जमीन पर जयकौर खुद कास्त रही थीं। जयकौर व परमपाल द्वारा सीसवाल की जमीन के बदले तपाखेड़ा में मिली अपनी-अपनी जमीन का दोनों ने 2 मई 1990 को भूपेंद्र सिंह को जीपीए दिया, वह एक ही दिन, एक ही स्थान का था और दोनों जीपीए में एक समान गवाह थे। इससे स्पष्ट हुआ कि परमपाल द्वारा जयकौर की मृत्यु 26 अगस्त 1988 को झूठी दिखाई है। पुलिस ने जांच में पाया कि जयकौर का मृत्यु प्रमाण पत्र फर्जी है। रजिस्ट्रार जन्म एवं मृत्यु फाजिल्का कार्यालय से लिए रिकॉर्ड अनुसार जयकौर की मृत्यु 12 सितंबर 1996 को हुई, जबकि परमपाल सिंह द्वारा मुकदमा की जांच के दौरान अपनी दादी जयकौर का मृत्यु प्रमाण पत्र गांव पोमावा तहसील सुमेरपुर जिला पाली (राजस्थान) का 26 अगस्त 1988 का पेश किया। जांचकर्ता एएसआई हरजिंद्र के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 182, 195, 196, 198, 469, 471, 474 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता परमपाल ने इस पूरे मामले में पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को गुमराह करने का काम किया है। जांच के दौरान परमपाल द्वारा पेश किए गए सभी सुबूत झूठे पाए गए। इसके आधार पर उसके खिलाफ गुमराह करने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा।
-ओमप्रकाश, थाना प्रभारी आदमपुर।