अमर उजाला ब्यूरो
सिवानी मंडी। शुक्रवार की सुबह गांव तलवानी में खेत में काम कर रहे पिता पुत्र पर परिवार के ही लोगों ने अचानक हमला बोल कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने उन्हें पिस्तौल भी दिखाकर सभी को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने बलबीर की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तलवानी गांव का बलबीर अपने पुत्र कुलदीप अपने खेत में काम कर रहे थे। सुबह करीब 9 बजे दो बोलेरो कैंपर में सवार 15-16 लोग आए और लाठियों और लोहे के सरियों से पिता पुत्र पर कथित रूप से हमला बोल दिया। इससे दोनों पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने मदद के लिए शोर भी मचाया लेकिन कोई भी उनके बचाव के लिए नहीं आया। बलबीर के दौरान हमलावरों ने उन्हें जान से भी मारने की धमकी दी और जाते समय हमलावर सियाराम ने उसे पिस्तौल दिखाई और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। बलबीर के मुताबिक कुछ समय पहले एक कीकर के पेड़ को लेकर उनके बीच मामूली कहासुनी हुई थी। जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने आज इस कार्रवाई को अंजाम दिया। विवाद के बाद दोनों पिता पुत्रों को उपचार के लिए भिवानी स्थित राजकीय अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और बलबीर के ब्यान पर सियाराम, सतबीर, ओमप्रकाश, अजीत, पंकज, टिंकू व अंकित सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी सुखबीर जाखड़ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।